पाटन/उन्नाव। ब्लॉक सुमेरपुर के सभागार में बुधवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त किसानों के खातों में जारी की गई। इस अवसर पर सभागार में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारण दिखाया गया, जिसे देखने के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ी।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री के संबोधन के साथ हुई। लाइव प्रसारण के दौरान किसानों को बताया गया कि सरकार द्वारा लगातार किसानों को आर्थिक सहारा प्रदान किया जा रहा है, जिससे खेती की लागत कम करने और उनकी आय बढ़ाने में मदद मिल सके। अधिकारियों ने समझाया कि यह योजना छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध हो रही है।
राजकीय कृषि बीज भंडार प्रभारी अनिल कुमार सिंह ने किसानों को योजना के लाभ और भविष्य में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि किसानों के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है, क्योंकि समय पर मिलने वाली यह किस्त कृषि कार्यों में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करती है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि योगेश बाजपेयी, तकनीकी सहायक अजय कुमार, लैब टेक्नीशियन राम बहादुर सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों को सलाह दी कि वे कृषि कार्यों में आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग करें और सभी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
सभागार में मौजूद लगभग एक सैकड़ा से अधिक किसानों ने किस्त जारी होने पर खुशी व्यक्त की। किसानों ने कहा कि यह आर्थिक सहायता उनके लिए खेती-किसानी को मजबूत करने और फसल प्रबंधन में बेहद उपयोगी साबित होती है।
