उन्नाव। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत कलक्ट्रेट परिसर में स्थापित हेल्प डेस्क का जिलाधिकारी गौरांग राठी ने शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डेस्क पर तैनात कर्मचारियों से अभियान की प्रगति, प्राप्त प्रपत्रों और मतदाता सूची सुधार कार्यों की विस्तृत जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए जनपद में अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लगभग 99 प्रतिशत नागरिकों को फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं, शेष 1 प्रतिशत लोगों को पुनः फॉर्म उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं 13 प्रतिशत फॉर्म कलेक्ट किए जा चुके हैं।
जिलाधिकारी राठी ने जानकारी दी कि जनपद में कुल 23 लाख 25 हजार मतदाता हैं। सभी फार्म एकत्र होने के बाद उन्हें भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कराया जाएगा। साथ ही, सभी तहसीलों में शिकायत हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है, जहां नागरिक आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने जनता से अपील की कि प्रत्येक मतदाता अपना फॉर्म सही जानकारी के साथ भरकर बीएलओ को सौंप दें ताकि किसी भी मतदाता का नाम सूची से छूटने न पाए।
मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया गया।
जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में उन्नाव जिले ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। जनपद अब तक ऑनलाइन मैपिंग में 50 प्रतिशत और फिजिकल मैपिंग में 70 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर चुका है।
इसके साथ ही वर्ष 2003 और 2025 की मतदाता सूची का मिलान भी पूरा किया जा चुका है।
जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य में पारदर्शिता व गति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
