उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला से अभद्रता और धमकी देने के आरोप में तैनात उप निरीक्षक उमा अग्रवाल को लाइन हाजिर कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने यह कार्रवाई की। मामले की जांच सहायक पुलिस अधीक्षक दीपक यादव को सौंपी गई है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में दरोगा उमा अग्रवाल एक बुजुर्ग महिला पर कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करती नजर आ रही हैं। वीडियो में वह महिला से कहती सुनाई देती हैं— “इतने जूते लगेंगे कि शक्ल भूल जाओगी।” इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।
जानकारी के अनुसार, दरोगा उमा अग्रवाल डकौली गांव में एक मुकदमे से जुड़े नोटिस की तामील के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान गांव की एक बुजुर्ग महिला ने अपने मामले से संबंधित जानकारी पूछी, जिसके बाद कथित रूप से कहासुनी शुरू हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि महिला सिर्फ मामले की प्रक्रिया समझना चाहती थी, लेकिन दरोगा ने गुस्से में अभद्र भाषा का प्रयोग कर दिया।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और इसे इंटरनेट पर वायरल कर दिया। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है और विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
