पाटन उन्नाव। हिन्दू-मुस्लिम एकता और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक तकिया मेला आज बृहस्पतिवार 11 दिसंबर से धार्मिक विधि-विधान के साथ आरंभ होगा। मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा भगवंतनगर के विधायक आशुतोष शुक्ल, जिलाधिकारी गौरांग राठी तथा पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह शामिल होंगे। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे में मध्य बाबा मोहब्बत शाह की मजार पर चादरपोशी करेंगे,जिसके पश्चात सहस्त्र लिंगेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन कर मेले का शुभारंभ करेंगे।
बुधवार को उपजिलाधिकारी एवं मेलाधिकारी रणवीर सिंह तथा कार्यक्रम प्रभारी सुनील दीक्षित ने मेला परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। अधिकारियों ने बताया कि भारतीय सांस्कृतिक मंडल, नई दिल्ली के सहयोग से 11 दिसंबर से 29 दिसंबर तक विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक श्रृंखला आयोजित की जाएगी।पहले दिन 11 दिसंबर को लखनऊ के नामचीन कलाकारों द्वारा सूफियाना रंग से भरपूर क़व्वाली पेश की जाएगी।
12 दिसंबर को वीर रस की अनूठी छटा बिखेरते हुए आकाशवाणी एवं दूरदर्शन कलाकार राजकुमार यादव आल्हा गायन की प्रस्तुति देंगे।15 दिसंबर को लखनऊ की टीम द्वारा कठपुतली नृत्य का मंचन होगा,जबकि 17 दिसंबर को भोजपुरी जगत की चर्चित गायिका नीलम सिंह (अमेठी) अपने सुरीले स्वरों से समां बाँधेंगी। 18 दिसंबर को कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा।19 दिसंबर को भोजपुरी बिरहा के प्रख्यात गायक अशोक जौनपुरी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। 22 दिसंबर को कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की प्रतिभा मंच पर निखरेगी।
23 दिसंबर को दूरदर्शन के विख्यात जादूगर द्वारा श्रीकृष्ण झांकी का रोचक प्रदर्शन किया जाएगा।24 दिसंबर को अवधी लोकगायन की लोकप्रिय कलाकार अंजली खन्ना प्रस्तुति देंगी,जबकि 26 दिसंबर को भोजपुरी लोकगायन व आल्हा कार्यक्रम संपन्न होगा।मेले का भव्य समापन 29 दिसंबर को आयोजित होने वाले विशाल कवि सम्मेलन के साथ किया जाएगा।
प्रशासन ने सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल एवं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय लोगों में तकिया मेले को लेकर खासा उत्साह है और आयोजनों को लेकर क्षेत्र में उल्लास का माहौल बना हुआ है।

Best News