पाटन उन्नाव । बीघापुर थाना परिसर में गुरुवार की देर शाम पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने नव निर्मित मेस का विधिवत लोकार्पण कर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा करते हुए कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने शस्त्रागार, शस्त्रों, कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क तथा अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया। कार्यालय में बैठकर उन्होंने एक-एक उपनिरीक्षक को बुलाकर मुकदमों की विवेचनाओं की समीक्षा की और लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के सख्त निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी व थानाध्यक्ष को निर्देशित करते हुए कहा कि रात्रि गश्त के दौरान पिकेट ड्यूटी एवं हल्का क्षेत्रों में होने वाली गश्त का आकस्मिक निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ग्राम सुरक्षा समितियों के माध्यम से गांवों में आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।
इसके अलावा उन्होंने थाना परिसर में निर्माणाधीन महिला थाना, बैरक सहित पूरे परिसर का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
