पाटन उन्नाव।भाईचारे और आपसी सौहार्द का प्रतीक प्रसिद्ध तकिया मेला इन दिनों पूरे शबाब पर है। मेले के सरकारी कैंप में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत शुक्रवार की शाम लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर नजर आई। सांस्कृतिक मंच पर अवधेश भोजपुरी लोकगीत पार्टी, लखनऊ द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान भव्य भोजपुरी लोकगीत, भक्ति गीत, अवधी गीत और लोकनृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। लोकगीत गायक अवधेश बालेश्वर, अंगद राम ओझा और मुकेश के साथ गायिकाओं सिमरन एवं अंकिता ने अपनी मधुर आवाज से समां बांध दिया।
गायक अवधेश बालेश्वर ने “राम आएंगे तो आंगन सजाएंगे” और “जो कुछ पवली शाहिदा पवली” गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। गायिका सिमरन ने “देवी मोरी आंगन में आई” तथा अंकिता ने “पटना से बैदा बुलाई दे” गीत गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं अंगद राम ओझा ने “योगी बाबा यूपी का सिंगापुर बनाएंगे” गीत से उत्साह भर दिया। गायक मुकेश ने “राम नाम की दवाई” भजन प्रस्तुत कर भक्तिमय माहौल बना दिया।
लोकनृत्य कलाकार आराध्या, सोनी की आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। देर शाम तक चले इस आयोजन में दर्शक तालियों की गूंज के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन करते नजर आए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मेलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी रणवीर सिंह तथा तहसीलदार गणेश सिंह ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इस मौके पर मेला कार्यक्रम प्रभारी सुनील दीक्षित, विजय आमीन, अर्दली विजय सिंह, सुधीर मिश्रा, विनोद, मनोज सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रीय दर्शक उपस्थित रहे।
मेला कार्यक्रम प्रभारी सुनील दीक्षित ने उत्कृष्ट प्रस्तुतियां देने वाले सभी कलाकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कलाकारों ने भी सम्मान पाकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आयोजकों का आभार जताया।
