सांसद साक्षी महाराज से हस्तक्षेप की मांग, एसपी को भी शिकायत

उन्नाव।थाना बिहार अंतर्गत भगवंत नगर पुलिस चौकी में एक निर्दोष अधेड़ व्यक्ति के साथ अमानवीय मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि चौकी प्रभारी द्वारा अधेड़ को बिना किसी ठोस कारण के चौकी बुलाकर गाली-गलौज की गई और विरोध करने पर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भगवंत नगर वार्ड संख्या 09 निवासी राम नरेश लोधी उम्र लगभग 54 वर्ष पुत्र स्वर्गीय सुंदर लाल लोधी को दिनांक 27 दिसंबर 2025 को दोपहर लगभग 12 बजे भगवंत नगर पुलिस चौकी बुलाया गया। परिजनों का आरोप है कि चौकी पहुंचते ही बिना किसी अपराध की जानकारी दिए पुलिसकर्मियों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। पूछताछ करने पर चौकी प्रभारी द्वारा मारपीट की गई, जिससे राम नरेश मौके पर गिर पड़े और बेहोश हो गए।
कुछ समय बाद उन्हें चौकी से छोड़ दिया गया। परिजन किसी तरह उन्हें घर लेकर पहुंचे, लेकिन उसी रात करीब 12 बजे उनकी मानसिक स्थिति अचानक बिगड़ गई और वे अनाप-शनाप बोलने लगे। परिजनों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें संभाला। घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पीड़ित पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो सका है, जिससे परिवार दहशत और चिंता में है।इस मामले को लेकर अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा (उ.प्र.) के जिला अध्यक्ष आशीष कुमार (बाबा) ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजते हुए दोषी चौकी प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है।वहीं,संगठन की ओर से उन्नाव सांसद माननीय डॉ. सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज से भी हस्तक्षेप कर उच्चस्तरीय जांच कराने की अपील की गई है।शिकायत पत्र में कहा गया है कि राम नरेश लोधी एक शांत, सामाजिक एवं अपराधमुक्त व्यक्ति हैं। उनके साथ किया गया यह व्यवहार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि पुलिस विभाग की छवि को भी गहरा आघात पहुंचाने वाला है। संगठन ने आरोप लगाया कि यह घटना किसी साजिश के तहत की गई प्रतीत होती है।पीड़ित परिवार और समाज के लोगों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही की जाए, ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
