उन्नाव (भगवन्तनगर): “मानवता की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है”— इस कहावत को एक बार फिर भगवन्तनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध समाजसेवी और पुष्प फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने चरितार्थ किया है। उन्होंने ग्राम बैजुवामऊ की एक मासूम बच्ची के इलाज के लिए आर्थिक मदद भेजकर न सिर्फ एक परिवार की उम्मीद जगाई, बल्कि क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गए हैं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, बैजुवामऊ गाँव के रहने वाले सर्वेश साहू की 6 वर्षीय पुत्री खुशबू साहू कुछ सप्ताह पहले अपने घर के पास आग की चपेट में आ गई थी। इस हादसे में मासूम का पैर बुरी तरह जल गया था। पिता पेशे से मजदूर हैं और बड़ी मुश्किल से घर का खर्च चला पाते हैं। आर्थिक तंगी के कारण बच्ची का इलाज प्रभावित हो रहा था और परिवार दर-दर भटकने को मजबूर था।
पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने निभाया ‘बड़े भाई’ का धर्म
जब इस बेबस परिवार की खबर समाजसेवी पुष्पेंद्र प्रताप सिंह तक पहुँची, तो उन्होंने बिना देर किए अपनी ‘पुष्प फाउंडेशन’ की टीम को गाँव भेजा। टीम ने मौके पर पहुँचकर बच्ची के परिजनों से मुलाकात की और इलाज के लिए नकद आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही, उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी बच्ची के इलाज या पढ़ाई में जो भी जरूरत होगी, वे हमेशा साथ खड़े रहेंगे।
भावुक हुई माँ, ईश्वर से की प्रार्थना
मदद पाकर खुशबू की माता केतकी देवी की आँखें भर आईं। उन्होंने पुष्पेंद्र प्रताप सिंह का आभार जताते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में वे उनके लिए देवदूत बनकर आए हैं। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य और प्रगति की कामना की।
गाँव में सराहना, कई गणमान्य रहे मौजूद
इस दौरान मुख्य रूप से पंकज सिंह (प्रधान), आर.के. सिंह (मामाजी), गोलू सिंह, अंकित सिंह, अनूप यादव और सर्वेश साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पुष्पेंद्र प्रताप सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे ही जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की आज समाज को जरूरत है।
