पाटन (उन्नाव)।तहसील बीघापुर मुख्यालय पाटन के सभागार में सोमवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अभिताभ ने की। समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 15, विकास विभाग की 2, पुलिस विभाग की 4 तथा अन्य विभागों से संबंधित 14 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 6 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
अपर जिलाधिकारी ने सबसे पहले पिछले समाधान दिवस में प्राप्त प्रार्थना पत्रों की समीक्षा की। इसके बाद फरियादियों की समस्याएं एक-एक कर सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्थल पर जाकर समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि शिकायतकर्ताओं को शीघ्र राहत मिल सके।
समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी रणवीर सिंह, तहसीलदार गणेश सिंह, क्षेत्राधिकारी मधुप नाथ मिश्रा, संबंधित लेखपालों सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
