वाराणसी/गाजीपुर। पूर्वांचल के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित बार एसोसिएशन ‘दि सेंट्रल बार एसोसिएशन वाराणसी’ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिंह गौतम का गाजीपुर और मोहम्दाबाद क्षेत्र में ऐतिहासिक स्वागत हुआ। अध्यक्ष चुने जाने के बाद पहली बार क्षेत्र में पहुँचने पर कैथी, मोहम्दाबाद, भावरकोल और उजियार भरौली सहित दर्जनों स्थानों पर समर्थकों और अधिवक्ताओं ने उनका भव्य अभिनंदन किया।
शहीदों और महापुरुषों को दी श्रद्धांजलि
अपने भ्रमण के दौरान प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने किसान आंदोलन के जनक स्वामी सहजानंद सरस्वती और मोहम्दाबाद के अष्ट शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उजियार भरौली में स्वामी सहजानंद विचार मंच के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने महापुरुषों के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प लिया।
“किसानों और मजदूरों के संघर्ष का प्रतीक हैं स्वामी सहजानंद”
उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रेम प्रकाश सिंह गौतम ने कहा कि स्वामी सहजानंद ने आजीवन किसान और मजदूरों के उत्थान के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा:
”स्वामी जी ने किसानों को आजादी के आंदोलन से जोड़कर भारत माँ को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त कराने में निर्णायक भूमिका निभाई। वहीं, मोहम्दाबाद के अष्ट शहीदों की शहादत ने गांधी जी के असहयोग आंदोलन को वह ताकत दी, जिससे अंग्रेजी हुकूमत की जड़ें हिल गईं।”
प्रमुख हस्तियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी सहजानंद विचार मंच के राष्ट्रीय महासचिव विनय शंकर राय “मुन्ना” ने की, जबकि मंच संचालन जय प्रकाश यादव द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य रूप से अभिषेक राय “मुक्कु”, कुंवर नन्द कुमार सिंह “पम पम राय”, मनीष कुमार सिंह, सोनू पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
