लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ के अलीगंज स्थित उत्तर प्रदेश के अपर महाधिवक्ता विनोद शाही जी के आवास पर पहुंचकर उनके दिवंगत पुत्र जयंत शाही के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि इस कठिन समय में पूरा प्रदेश उनके साथ खड़ा है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए ईश्वर से परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की इस संवेदनशील उपस्थिति से शोक संतप्त परिवार को संबल मिला। इस दौरान कई गणमान्य लोग एवं शुभचिंतक भी उपस्थित रहे और उन्होंने भी दिवंगत जयंत शाही जी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
