मासूम की मौत से दहला रावतपुर, कुकर्म के बाद हत्या का आरोप
पाटन (उन्नाव)।बिहार थाना क्षेत्र के रावतपुर गांव में 11 वर्षीय नाबालिग किशोर की हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्चे के साथ पहले कुकर्म किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने नामजद 20 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, रावतपुर गांव निवासी अवधेश कुमार शुक्ला का 11 वर्षीय पुत्र उत्कर्ष उर्फ टिंकू रविवार को गांव के अन्य बच्चों के साथ खेलने के लिए घर से निकला था। शाम करीब पांच बजे तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। बाद में गांव के कुछ बच्चों ने बताया कि उत्कर्ष को आखिरी बार गांव के ही मनोज कुमार के पुत्र शैलेश कुमार शुक्ला उर्फ जयकुश (उम्र करीब 20 वर्ष) के साथ देखा गया था।
इस पर संदेह होने पर मृतक के पिता ने बिहार थाने में लिखित नामजद शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राहुल सिंह गौर, क्षेत्राधिकारी मधुप नाथ मिश्रा, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह तथा फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी की निशानदेही पर किशोर का शव गांव के पास सरसों के खेत से बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का आरोप है कि उनके बच्चे के साथ कुकर्म कर उसकी हत्या की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
