
उन्नाव। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाने के लिए जिला प्रशासन की तैयारी बैठक शनिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास तथा राजनैतिक पेंशन विभाग के मंत्री एवं जनपद उन्नाव के प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने की।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती जिले में पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई जाएगी। उन्होंने सभी विभागों — पुलिस, युवा कल्याण, शिक्षा, पंचायती राज, चिकित्सा, विद्युत, पीडब्ल्यूडी आदि — को निर्देश दिए कि वे मिलकर इस आयोजन को सफल बनाएं।
उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को पुलिस लाइन में भव्य परेड कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा जनपद की सभी विधानसभाओं में पदयात्राएं निकाली जाएंगी, जिनमें संबंधित विभागों को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने बताया कि जयंती अवसर पर विद्यालयों में ‘रन फॉर यूनिटी’, मानव श्रृंखला, भाषण, रंगोली एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया कि सभी ग्राम प्रधानों के समन्वय से ग्राम स्तर पर भी सरदार पटेल की जयंती मनाई जाए, ताकि एकता और अखंडता का संदेश गांव-गांव तक पहुंचे।
प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा, “सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने कुशल नेतृत्व से भारत की 562 रियासतों को एकीकृत कर देश को राजतंत्र से प्रजातंत्र की दिशा में अग्रसर किया। उनकी इसी अदम्य देशभक्ति और दृढ़ संकल्प के कारण उन्हें ‘लौह पुरुष’ कहा गया। आज का एकजुट भारत उनके दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।”
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्षा शकुन सिंह, मोहान विधायक बृजेश रावत, पुरवा विधायक अनिल सिंह, बांगरमऊ विधायक श्रीकांत कटियार, सफीपुर विधायक बंबालाल दिवाकर, भाजपा जिला प्रभारी अर्चना मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी, एमएलसी रामचंद्र प्रधान, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, अपर जिलाधिकारी (वि/रा) सुशील कुमार गौंड, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अमिताभ यादव, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक कलेक्टर शौर्य अरोड़ा, परियोजना निदेशक तेजवंत सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्य प्रकाश, जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक कुमार सिन्हा, जिला पूर्ति अधिकारी राजबहादुर, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत वर्तिका सहित अनेक जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
