दस साल से जलभराव की समस्या झेल रहे लोगों को मिलेगी राहत, 300 घरों की जलनिकासी के लिए होगा निर्माण कार्य
संवाददाता / शमशाद सिद्दीकी
लखनऊ। सरोजनी नगर द्वितीय वार्ड-18 के अंतर्गत अवध बिहार कॉलोनी में लंबे समय से जलभराव की समस्या से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को पार्षद रामनरेश रावत एडवोकेट ने 15वें वित्त आयोग की निधि से 97 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।
यह निर्माण कार्य मदीना मस्जिद से तुफैल खान के घर होते हुए बंधुवा तालाब तक पक्की सड़क के मार्ग पर कराया जाएगा। करीब 500 मीटर लंबी और तीन मीटर चौड़ी इस सड़क के साथ नाली का भी निर्माण होगा। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में पिछले करीब दस वर्षों से सड़क और आसपास के घरों में जलभराव की समस्या बनी हुई थी। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन समेत रोजमर्रा के कार्यों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
कार्यक्रम में पार्षद रामनरेश रावत ने कॉलोनीवासियों की मौजूदगी में भूमि पूजन कराया। इस दौरान स्थानीय निवासी स्वतंत्र कुमार शुक्ला और सूर्य प्रकाश मिश्रा से नारियल फुड़वाया गया, जबकि राजेश गुप्ता ने फावड़ा चलाकर निर्माण कार्य की शुरुआत की। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष केके श्रीवास्तव सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बताया गया कि महापौर सुषमा खर्कवाल और विधायक राजेश्वर सिंह के सहयोग एवं आशीर्वाद से यह विकास कार्य कराया जा रहा है। सड़क और नाली का निर्माण पूरा होने के बाद करीब 300 घरों की जलनिकासी व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद है। इससे कॉलोनी के लोगों को जलभराव से राहत मिलने के साथ ही आवागमन भी सुगम होगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में राजेश गुप्ता, फूलचंद गौतम, जयराम यादव, सूर्य प्रकाश मिश्रा, ऋषि राम यादव, रामेश्वर त्यागी, मुनौअर खान, मजीद खान, तुफैल खान, राजा, पिंटू खान, कुलदीप वर्मा, उमाशंकर वर्मा, राजीव सिंह, प्रिंस, आशीष रावत, गोपाल रावत, स्वतंत्र कुमार शुक्ला, असलम, शानू खान, जमालुद्दीन खान, मोहम्मद रियाज खान, आदम अली बिल्लू सहित कॉलोनी के बड़ी संख्या में महिला और पुरुष उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि सड़क और नाली का निर्माण पूरा होने से अवध बिहार कॉलोनी की तस्वीर बदलेगी और वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।
