डीजे और गाजे-बाजे के साथ निकला विसर्जन जुलूस, सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात रही पुलिस
सिद्धौर, बाराबंकी। नगर पंचायत सिद्धौर में नवरात्रि पर्व के समापन पर मंगलवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस दौरान पूरा नगर भक्तिमय माहौल में नजर आया। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां जगदंबा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर आने की कामना की।
प्रतिमा विसर्जन जुलूस श्री सिद्धेश्वर मंदिर से झांकियों, डीजे और गाजे-बाजे के साथ निकाला गया। जुलूस में शामिल श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते हुए चल रहे थे। इस दौरान भांगड़ा, रंग-गुलाल और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। जुलूस कैसरगंज चौराहे से होते हुए नैपुरा घाट पहुंचा, जहां विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया।
विसर्जन जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। नगर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही। असंद्रा थानाध्यक्ष अनिल सिंह और सिद्धौर चौकी प्रभारी गौरव सिंह पुलिस टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहे।
इस मौके पर चेयरमैन प्रतिनिधि लल्लू रावत, लेखपाल अभिषेक वर्मा, अनुज नाग, सभासद दीपांशु निगम, मोनू निगम, शैलेश श्रीवास्तव, डॉ. राजेंद्र वर्मा, श्रवण मिश्रा, गोलू वर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
संवाददाता: इंद्रराज राजपूत
