बहराइच। जिले के बौंडी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में लंबे समय से वांछित हिस्ट्रीशीटर एवं गैंगस्टर असलम घायल होकर गिरफ्तार हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहीं उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार क्राइम ब्रांच, स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चोरी की कई घटनाओं में शामिल बदमाश खैरा बाजार-कोदई मार्ग से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें असलम के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
गिरफ्तार असलम थाना रामगांव क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह काफी समय से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने असलम के कब्जे से 16 हजार रुपये नकद, चोरी के चांदी के जेवर, एक 315 बोर का तमंचा तथा जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि असलम एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
