पाटन/उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सब्जी बेचकर घर लौट रहे लोगों से भरी महिंद्रा बोलेरो पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चार अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
पुलिस के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 1:05 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सुमेरपुर-बक्सर मार्ग पर कपूरपुर नहर पुल के पास एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप (संख्या UP71AT7987) अनियंत्रित होकर पलट गई है। सूचना मिलते ही बिहार थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
जानकारी के मुताबिक वाहन में सवार सभी लोग फतेहपुर जनपद के गाजीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नया पुरवा मजरा दोदरा के निवासी थे। वे लखनऊ में घुइयां (अरबी) बेचने गए थे और बिक्री के बाद अपने गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कपूरपुर नहर पुल के निकट वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में प्रेमसागर (65) पुत्र सूरजदीन लोधी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चार अन्य को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज किया गया।
भगवन्तनगर चौकी प्रभारी देवेंद्र कुमार अवस्थी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य तेजी से पूरा किया गया।
