महापौर सुषमा खर्कवाल और पार्षद रामनरेश रावत के प्रयासों से लगा शिविर, नागरिकों को मिली राहत
लखनऊ। सरोजनी नगर द्वितीय वार्ड-18 के बदाली खेड़ा स्थित मानव जागृति स्कूल के पोलिंग बूथ परिसर में रविवार को एक दिवसीय गृहकर (हाउस टैक्स) छूट शिविर का आयोजन किया गया। महापौर सुषमा खर्कवाल और स्थानीय पार्षद रामनरेश रावत के प्रयासों से आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक पहुंचे और गृहकर संबंधी समस्याओं का समाधान कराया।
शिविर का उद्देश्य नगर निगम की ओर से गृहकर पर दी जा रही विशेष छूट का लाभ नागरिकों तक पहुंचाना और उन्हें कर संबंधी समस्याओं से राहत दिलाना था। शिविर में कई लोगों ने अपने गृहकर का वर्षों पुराना बकाया जमा किया। क्षेत्र में ही सुविधा उपलब्ध होने से नागरिकों को नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत मिली।
पार्षद प्रतिनिधि एवं बूथ अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी ने कहा कि महापौर और पार्षद के मार्गदर्शन में जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शिविर आयोजित किया गया। प्रयास है कि क्षेत्रवासियों को गृहकर जमा करने और संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए दूर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि नागरिकों को उनके क्षेत्र में ही जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
पार्षद आवास पर सुनी गई ‘मन की बात’
गृहकर शिविर से पहले सुबह पार्षद रामनरेश रावत के आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां एपिसोड सुना गया। इस दौरान पार्षद प्रतिनिधि संतोष कुमार त्रिपाठी सहित भाजपा मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना और उसमें दिए गए समाज कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सेक्टर संयोजक आलोक श्रीवास्तव, बूथ अध्यक्ष रितेश दुबे, विनय वर्मा, श्याम मोहन शर्मा और अरविंद सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं, गृहकर छूट शिविर में नगर निगम की ओर से आशीष शुक्ला तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक अजय सिंह, नरेंद्र गुप्ता, फूलचंद गौतम, हिमांशु, प्रिंस और प्रदीप सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
स्थानीय नागरिकों ने गृहकर छूट शिविर के आयोजन के लिए महापौर सुषमा खर्कवाल और पार्षद रामनरेश रावत के प्रति आभार व्यक्त किया।
