बाराबंकी। जनपद में भूजल सप्ताह के तहत भूजल संरक्षण एवं जल संवर्धन को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी बाराबंकी के निर्देश पर सभी विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकास खंड सूरतगंज के प्राथमिक विद्यालय छेदा, रंजीतपुर, पतौंजा, बिंदौरा सहित अन्य विद्यालयों में भूजल संरक्षण विषयक जागरूकता गोष्ठियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अवर अभियंता सोमवीर सिंह ने विद्यार्थियों को भूजल संरक्षण के महत्व से अवगत कराते हुए जल के विवेकपूर्ण उपयोग, वर्षा जल संचयन तथा भूजल स्तर बढ़ाने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि आज से ही जल संरक्षण के प्रति गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो भविष्य में जल संकट और गंभीर हो सकता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पानी की हर बूंद का महत्व समझते हुए उसका सदुपयोग करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जल संरक्षण के प्रति जागरूक बनें और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जल बचाने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भूजल संरक्षण एवं जल बचाने की शपथ भी दिलाई गई। साथ ही उन्हें दैनिक जीवन में अपनाए जा सकने वाले व्यवहारिक उपायों के बारे में जानकारी देकर जल संरक्षण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य भावी पीढ़ी में जल संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा समाज में भूजल संरक्षण के प्रति व्यापक जागरूकता फैलाना रहा।
इस अवसर पर बोरिंग टेक्नीशियन अमरनाथ, दिलीप कुमार, शिक्षक अभिषेक वर्मा सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने जल संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने और भूजल बचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
