पाटन, उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के भगवंतनगर कस्बे के वार्ड नंबर-2 में सड़क पर भुट्टे की दुकान लगाने को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश सोमवार रात खूनी संघर्ष में बदल गई। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे और सरिया से किए गए हमले में पांच लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।
बताया गया कि सोमवार रात करीब आठ बजे मुकेश पुत्र जागेश्वर और श्रीराम के बीच भुट्टे की दुकान लगाने को लेकर पहले से चले आ रहे विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर रामपाल पुत्र पराग समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे, लात-घूंसों और सरिया से मारपीट शुरू हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे गौरव, सूरज और नेहा समेत अन्य लोग भी मारपीट की चपेट में आ गए।
मारपीट में गौरव, सूरज, नेहा और नीरज समेत पांच लोगों को चोटें आई हैं। घटना के बाद घायलों को पुलिस की मौजूदगी में चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया। दोनों पक्षों ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
दोनों पक्षों से मिले प्रार्थना पत्र
थाना प्रभारी राहुल सिंह गौर ने बताया कि मारपीट के मामले में दोनों पक्षों की ओर से प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए हैं। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
