काठमांडू। भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ को नेपाल सेना के मानद जनरल के पद से सम्मानित किया गया। काठमांडू स्थित शीतल निवास में आयोजित विशेष समारोह में नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
समारोह में नेपाल के उपराष्ट्रपति राम सहाय प्रसाद यादव, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव सहित नेपाल सरकार और सेना के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
जनरल धीरज सेठ नेपाल के सेना प्रमुख जनरल अशोक राज सिगदेल के निमंत्रण पर रविवार को काठमांडू पहुंचे थे। सम्मान ग्रहण करने के बाद उन्होंने नेपाल के सेना प्रमुख जनरल सिगदेल के साथ द्विपक्षीय सैन्य सहयोग और दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधों को और मजबूत करने को लेकर चर्चा की।
नेपाल यात्रा के दौरान जनरल धीरज सेठ ने भारतीय दूतावास पहुंचकर भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव से भी मुलाकात की। इस दौरान भारत और नेपाल के आपसी संबंधों को और बेहतर बनाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर भारतीय सेना की ओर से नेपाल सेना को सैन्य एवं चिकित्सा उपकरण भी प्रदान किए गए। इसे दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग और मैत्रीपूर्ण संबंधों की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
1950 से चली आ रही है परंपरा
भारत और नेपाल के बीच एक-दूसरे के सेना प्रमुखों को मानद जनरल की उपाधि देने की परंपरा वर्ष 1950 से चली आ रही है। इस परंपरा के तहत दोनों देशों के सेना प्रमुखों को एक-दूसरे की सेना में मानद जनरल रैंक प्रदान किया जाता है। यह सम्मान दोनों देशों के बीच ऐतिहासिक, सैन्य और मैत्रीपूर्ण संबंधों को दर्शाता है।
