लखनऊ। गोसाईगंज थाना पुलिस ने जिलाबदर आदेश का उल्लंघन कर लखनऊ जनपद की सीमा में रहने के आरोप में 26 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक न्यायालय के आदेश के बावजूद आरोपी अपने गांव में मौजूद था। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गोसाईगंज थाना क्षेत्र के ग्राम लोखरिया निवासी शिवम पुत्र नंदकिशोर के खिलाफ पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज हैं। 19 अगस्त 2026 को संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) लखनऊ की अदालत ने वाद संख्या 35(08)/2026 में उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत शिवम को छह माह के लिए जिलाबदर करने का आदेश जारी किया था।
पुलिस के मुताबिक छह अक्टूबर की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि जिलाबदर किया गया शिवम लोखरिया गांव के बाहर स्थित मंदिर के पास बैठा है। सूचना पर उपनिरीक्षक बादल सरोहा और हेड कांस्टेबल सर्वेश कुमार सिंह की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 369/2026, धारा 10 उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम-1970 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शिवम के खिलाफ गोसाईगंज और सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मारपीट, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में पूर्व के मामले भी दर्ज हैं।
