कानपुर। गुरु पूर्णिमा और श्रावण मास के पावन अवसर पर गांधी नगर स्थित अपराजित ज्योतिष केन्द्र में बुधवार को विशेष पूजन, रुद्राभिषेक एवं हवन-यज्ञ का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान शिव की आराधना की और विश्व शांति, सुख-समृद्धि तथा जनकल्याण की कामना के साथ पवित्र अग्नि में आहुतियां अर्पित कीं।
कार्यक्रम का संचालन परिवार परामर्श काउंसलर संयोगिता तिवारी ने किया। इस अवसर पर ज्योतिषाचार्य पंडित सुशील शुक्ल ने ज्योतिष शास्त्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ज्योतिष केवल भविष्य बताने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को अनुशासित, संतुलित और संस्कारित बनाने वाला वैज्ञानिक ज्ञान है। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा और सावन का दुर्लभ संयोग आध्यात्मिक ऊर्जा को जागृत करता है तथा सकारात्मक सोच के साथ किए गए धार्मिक अनुष्ठान जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
उन्होंने बताया कि गांधी नगर स्थित केन्द्र परिसर (106/278, कंचन भवन के सामने) में विद्वान आचार्यों द्वारा भगवान भोलेनाथ का विशेष अभिषेक एवं पूजन किया गया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन संपन्न हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, राष्ट्र की उन्नति और विश्व शांति की कामना की।
कार्यक्रम में ज्योतिषाचार्य पंडित राजेन्द्र तिवारी, शेखर शुक्ल, अखिलेश तिवारी, अनिरुद्ध दीक्षित सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने सावन मास में भगवान शिव की आराधना के महत्व पर चर्चा करते हुए नियमित पूजा-अर्चना और धार्मिक आचरण अपनाने का संकल्प भी लिया।
