लखनऊ। शासन द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत पुलिस आयुक्त लखनऊ के निर्देशानुसार एवं पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) मो० मुश्ताक के कुशल मार्गदर्शन में थाना नगराम पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में महिला सुरक्षा, सम्मान व महिला सशक्तीकरण हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान थाना नगराम की मिशन शक्ति टीम ने सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और गांवों में जाकर महिलाओं व बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया। टीम ने उन्हें सुरक्षा के प्रति सजग रहने के साथ-साथ सरकार द्वारा महिलाओं एवं बच्चों की सहायता के लिए संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी:
- 1090: महिला पावर हेल्पलाइन
- 1098: चाइल्ड हेल्पलाइन
- 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
- 1930: साइबर अपराध हेल्पलाइन
- 112: आपातकालीन पुलिस सहायता
पुलिस टीम ने उपस्थित महिलाओं को आश्वस्त किया कि किसी भी विपरीत परिस्थिति या असुरक्षा महसूस होने पर निडर होकर इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। हेल्पलाइन पर सूचना देने वाली महिला या बालिका की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। इसके साथ ही साइबर अपराधों से बचाव के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया।
इस दौरान नगराम पुलिस ने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। अभियान के दौरान स्थानीय महिलाओं एवं बालिकाओं ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।
