हाथी-घोड़ों, शंखनाद और धार्मिक जयघोष के बीच निकली शोभायात्रा, पक्का तालाब पर हुआ श्रीराम-भरत मिलाप
पुरवा, उन्नाव। पुरवा कस्बे में बुधवार को 158 वर्ष पुरानी ऐतिहासिक भरत मिलाप शोभायात्रा धूमधाम और धार्मिक उत्साह के साथ निकाली गई। हाथी-घोड़ों, शंखनाद और जय श्रीराम के जयघोष के बीच निकली शोभायात्रा में डेढ़ सौ से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल हुईं। जगह-जगह नगरवासियों ने आरती उतारकर और पुष्पवर्षा कर झांकियों का स्वागत किया। श्रद्धालुओं को प्रसाद भी वितरित किया गया।
शोभायात्रा का शुभारंभ मां आनंदेश्वरी परिसर से हुआ। इसके बाद यात्रा पश्चिमटोला, बेगमगंज, पुराना बस स्टेशन, जिंदवाबाड़ी, वजीरगंज, सोनी चौराहा, राजाबाजार और कस्टोलवा होते हुए शीतलगंज स्थित पक्का तालाब पहुंची। यहां भगवान श्रीराम और उनके भाई भरत का मिलन हुआ। इस भावुक धार्मिक प्रसंग को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न झांकियों को पुरस्कृत किया गया।
धार्मिक और ऐतिहासिक झांकियों ने मोहा मन
शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत, हनुमान, शिव-पार्वती, नवदुर्गा, अंगद, विभीषण, मां काली, लक्ष्मी-नारायण, राधा-कृष्ण, लव-कुश, परशुराम, मकरध्वज और श्रवण कुमार की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानी भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, रानी लक्ष्मीबाई, महाराणा प्रताप और वासुदेव से संबंधित झांकियों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। महर्षि शांतनु और विद्या से संबंधित झांकी भी विशेष आकर्षण रही।
श्रवण कुमार की झांकी को कंधे पर उठाकर जताया उत्साह
शोभायात्रा के दौरान अमरेंद्र मिश्रा (गुरुजी) ने श्रवण कुमार की झांकी को अपने कंधे पर उठाकर करीब 50 मीटर तक यात्रा की। उनके इस अंदाज ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और मौके पर मौजूद लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना रहा।
श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान
भरत मिलाप के अवसर पर योगेंद्र नाथ द्विवेदी ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा, भाईचारे, माता-पिता के प्रति प्रेम और जनसेवा की भावना से समाज में समरसता स्थापित की जा सकती है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को आत्मसात करके भारत को विश्व में अग्रणी बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर अमरेंद्र मिश्रा (गुरुजी), श्रीकांत शुक्ला, सुनील मिश्रा, देवेश गुप्ता, विशाल श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष रेनू गुप्ता, समाजसेवी आजाद खान, पूर्व विधायक उदयराज यादव, नीशू शुक्ला, पुलिस उपाधीक्षक अरविंद चौरसिया और कोतवाल भवन सिंह मौर्य सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
