प्रेम-प्रसंग को लेकर पति-पत्नी के बीच होता था विवाद, शव को लोहे के बॉक्स में बंद कर हाईवे किनारे फेंका; तीन आरोपी गिरफ्तार, किशोर हिरासत में
उन्नाव। रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर लोहे के बॉक्स में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने हत्या का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, युवक सोनू (30) की हत्या उसकी पत्नी नेहा (42) ने पड़ोस में रहने वाले किरायेदार जितेंद्र (42) के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद शव को चादर और कंबल में लपेटकर लोहे के बॉक्स में बंद किया गया। इसके बाद पिकअप लोडर से शव को हाईवे किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले में नेहा, जितेंद्र और तौहीद (34) को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, नेहा और जितेंद्र के बीच प्रेम-प्रसंग था। इसी बात को लेकर नेहा और उसके पति सोनू के बीच आए दिन विवाद होता था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते नेहा और जितेंद्र ने सोनू की हत्या की साजिश रची। मंगलवार रात करीब आठ बजे सोनू की हत्या करने के बाद उसके शव को चादर और कंबल में लपेटकर लोहे के बॉक्स में रखा गया। फिर बॉक्स को पिकअप लोडर में लादकर रायबरेली-उन्नाव हाईवे किनारे छोड़ दिया गया।
अस्पताल के सामने मिला था खून से लथपथ शव
मंगलवार रात करीब 10 बजे सदर कोतवाली पुलिस को हेल्थ हॉस्पिटल के सामने हाईवे किनारे एक संदिग्ध बॉक्स रखे होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और बॉक्स खोलकर देखा तो उसमें चादर और कंबल में लिपटा युवक का खून से लथपथ शव मिला। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक छोटा हाथी लोडर गदनखेड़ा की ओर से बॉक्स लेकर आता और कुछ समय बाद बिना बॉक्स के कानपुर की तरफ जाता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के मार्गों पर लगे एनपीआर कैमरों की मदद से वाहन का नंबर यूपी 35 एटी 1938 ट्रेस किया। जांच में पिकअप लोडर राजेश गुप्ता के नाम पर पंजीकृत मिला।
1,200 रुपये में तय किया था पिकअप
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि 20 अक्टूबर को नेहा ने किराये का कमरा खाली करने और सामान दूसरी जगह पहुंचाने के लिए 1,200 रुपये में पिकअप लोडर तय किया था। इसी वाहन का इस्तेमाल शव को ठिकाने लगाने में किए जाने की बात सामने आई। नेहा से पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्या की साजिश का खुलासा होने का दावा किया। पुलिस के मुताबिक, शव को ठिकाने लगाने में तौहीद और एक किशोर की भूमिका भी सामने आई है।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि किशोर को हिरासत में लेकर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना सदर कोतवाली क्षेत्र की है।
