पुरवा, उन्नाव। कोतवाली क्षेत्र में दही-मोहनलालगंज मार्ग पर बुधवार शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने करीब 20 मिनट के अंतराल में दो महिलाओं के गले से मंगलसूत्र छीन लिए। दूसरी वारदात के बाद शोर सुनकर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उनकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लखनऊ नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।
पहली घटना मंगतखेड़ा स्थित ईंट-भट्ठे के पास हुई। मझखोरिया गांव निवासी माया देवी बुधवार शाम करीब पांच बजे खेत से घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया। महिला के विरोध करने पर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट भी की और मौके से फरार हो गए। बुधवार को मंगतखेड़ा में बाजार और मेला होने के कारण सड़क पर काफी भीड़ थी, इसके बावजूद बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
इसके करीब 20 मिनट बाद बदमाशों ने मंगतखेड़ा से करीब दो किलोमीटर दूर कुड़ेहरी गांव के पास दूसरी वारदात को अंजाम दिया। यहां पैदल जा रही शैली नाम की महिला के गले से बाइक सवार युवकों ने मंगलसूत्र छीन लिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण सक्रिय हो गए और गांव के पास ही दोनों बदमाशों को घेरकर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों की पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया।
अजगैन में लॉकेट छीनने की घटना भी कबूली
कोतवाली प्रभारी भवन सिंह मौर्य के अनुसार, पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों ने पुरवा क्षेत्र में हुई दोनों घटनाओं के अलावा अजगैन थाना क्षेत्र में लूट की एक अन्य वारदात में भी शामिल होना स्वीकार किया है।
पुलिस के मुताबिक सोहरामऊ निवासी शकील खान की पत्नी सबाना बानो अपने बेटे सारिक और बेटी शाबिया के साथ कानपुर कपड़े खरीदने जा रही थीं। नवाबगंज में वाहन का इंतजार करते समय बच्चे राजमार्ग किनारे चाट खाने लगे। इसी दौरान सबाना का लॉकेट नीचे गिर गया। बाइक सवार दो युवक लॉकेट उठाकर वहां से फरार हो गए थे। पूछताछ में पकड़े गए दोनों युवकों ने इस घटना को भी स्वीकार किया है।
पुलिस आरोपितों से पूछताछ के साथ ही घटनाओं की जांच कर रही है। बरामद बाइक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
