उन्नाव। समाजवादी पार्टी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाते हुए गुरुवार को जिला मुख्यालय पर शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला। पार्टी की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित मार्च में विधानसभा क्षेत्र 166 भगवंतनगर से अंकित सिंह परिहार के नेतृत्व में सैकड़ों पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
पैदल मार्च जिला समाजवादी पार्टी कार्यालय, उन्नाव से शुरू हुआ। इसका नेतृत्व सपा की राष्ट्रीय सचिव अन्नू टंडन और जिलाध्यक्ष जयचंद विमल ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।
अंकित सिंह परिहार ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निष्पक्ष चुनाव और संविधान की मर्यादा सर्वोपरि है। चुनाव व्यवस्था से जुड़े विषयों पर जनता और राजनीतिक दलों द्वारा शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखना लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और निष्पक्ष चुनाव व्यवस्था को मजबूत करने के लिए समाजवादी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने एकजुटता के साथ अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
