उन्नाव। भगवन्तनगर विधानसभा क्षेत्र के सुमेरपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मनिकापुर में करीब पखवारे भर पहले राजेश गुप्ता के निधन के बाद उनके परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया। परिवार में पत्नी स्वेता, बेटे शिवम व शिवा और बेटी गुंजन हैं। घर के कमाऊ सदस्य के निधन से परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होने लगी।
परिवार की इस कठिन परिस्थिति की जानकारी क्षेत्रवासियों ने राष्ट्रसेवक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रताप सिंह को दी। जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल परिवार से संपर्क किया और अपनी टीम के साथ मनिकापुर पहुंचकर दिवंगत राजेश गुप्ता के परिजनों से मुलाकात की।
परिवार की स्थिति को देखते हुए पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने दिवंगत राजेश गुप्ता की पत्नी स्वेता को आर्थिक सहायता प्रदान की। मदद मिलने के बाद संकट से जूझ रहे परिवार के चेहरों पर राहत और सुकून नजर आया। इस दौरान उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
मौके पर मौजूद क्षेत्रीय लोगों ने पुष्पेंद्र प्रताप सिंह की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में जरूरतमंद परिवार के साथ खड़ा होना समाजसेवा की वास्तविक भावना को दर्शाता है। ग्रामीणों ने उनकी जनसेवा की प्रशंसा करते हुए उनके प्रति आभार जताया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान माजिद अली, श्रवण सिंह, दिलीप, अकील, शैलू, रंजीत यादव, इकबाल सिंह प्रधान, आरके सिंह ‘मामाजी’ सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।
