पुद्दुचेरी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार द्वारा औपनिवेशिक काल के कानूनों की जगह लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानून प्रौद्योगिकी, समयबद्धता और विश्वास के तीन महत्वपूर्ण स्तंभों पर आधारित हैं। इन कानूनों का उद्देश्य तकनीक के अधिकतम उपयोग और समयबद्ध न्याय व्यवस्था के माध्यम से नागरिकों को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराना है।
गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को गोरिमेडु स्थित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय के मैदान में आयोजित समारोह में पुद्दुचेरी पुलिस को राष्ट्रपति का पुलिस ध्वज प्रदान किया। इस अवसर पर उन्होंने पुद्दुचेरी पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति पुलिस ध्वज प्राप्त करना किसी भी अनुशासित पुलिस बल के लिए सबसे गौरवपूर्ण उपलब्धियों में से एक है।
अमित शाह ने कहा कि पुद्दुचेरी पुलिस में पांच हजार से कम कर्मी हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस बल पर केंद्र शासित प्रदेश की सुरक्षा, आंतरिक कानून-व्यवस्था तथा यहां की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के सम्मान एवं गरिमा की रक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
पुद्दुचेरी पुलिस को सर्वोच्च सम्मान
राष्ट्रपति पुलिस ध्वज से सम्मानित होने के साथ ही पुद्दुचेरी देश का 18वां राज्य/केंद्र शासित प्रदेश बन गया है, जिसे पुलिस बल को दिए जाने वाले इस सर्वोच्च सम्मान से नवाजा गया है। यह सम्मान पुलिस बल की अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, सेवा और उत्कृष्ट कार्यों की मान्यता के रूप में दिया जाता है।
गृह मंत्री ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के माध्यम से देश की आपराधिक न्याय प्रणाली को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जा रहा है। इसका उद्देश्य जांच और न्यायिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध बनाना है, ताकि आम नागरिकों का कानून और न्याय व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत हो।
‘हर घर तिरंगा’ यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी
समारोह के बाद अमित शाह पुद्दुचेरी के मुरुगा थिएटर सिग्नल से ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह अभियान देशभर में तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
समारोह में पुद्दुचेरी के उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन, मुख्यमंत्री एन. रंगासामी, गृह मंत्री ए. नमस्सिवयम और पुलिस महानिदेशक शालिनी सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
