पाटन, उन्नाव। तहसील बीघापुर मुख्यालय पाटन को ग्रामीण क्षेत्रों से जोड़ने वाला रानीपुर चौराहा-भैरमपुर मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। पक्की सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खस्ताहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
रानीपुर चौराहे से भैरमपुर जाने वाले इस मार्ग से मलौना, रानीपुर, बहादुरखेड़ा, रजपालखेड़ा समेत कई गांवों के ग्रामीण प्रतिदिन आवागमन करते हैं। तहसील मुख्यालय पाटन पहुंचने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में सड़क खराब होने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है।
मार्ग पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण वाहन चालकों को संभलकर गुजरना पड़ता है। कई स्थानों पर सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि गड्ढों के कारण मार्ग का स्वरूप ही बिगड़ गया है। दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। तेज रफ्तार या अचानक गड्ढा सामने आने पर दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
ग्रामीणों के मुताबिक सड़क लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रही है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। पानी भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण वाहन चालकों को काफी जोखिम उठाकर निकलना पड़ता है। रात के समय समस्या और गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मार्ग की स्थिति की जांच कराकर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यह मार्ग कई गांवों को तहसील मुख्यालय से जोड़ता है, इसलिए इसकी नियमित देखरेख और मरम्मत जरूरी है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से जल्द कार्रवाई कर आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।
