पाटन, उन्नाव। बिहार-बक्सर मार्ग पर मंगलवार सुबह पिथई खेड़ा गांव के पास उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब विद्यार्थियों को लेकर भगवंतनगर स्थित उदय नारायण पब्लिक स्कूल जा रही एक बस अचानक सड़क से नीचे खंती में उतर गई। बस में करीब 20 से 25 विद्यार्थी सवार थे। चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित कर लिया, जिससे सभी विद्यार्थी सुरक्षित बच गए। हादसे में किसी विद्यार्थी के घायल होने की सूचना नहीं है।
बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब नौ बजे स्कूली बस विद्यार्थियों को लेकर भगवंतनगर स्थित स्कूल की ओर जा रही थी। पिथई खेड़ा गांव के निकट चौधरी गैराज के सामने मार्ग पर एक ट्रक आगे चल रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर के चालक ने गलत दिशा से ओवरटेक करने का प्रयास किया। अचानक डंपर सामने आ जाने से बस चालक के सामने टक्कर का खतरा पैदा हो गया।
प्रत्यक्ष स्थिति को देखते हुए बस चालक जितेंद्र सिंह ने टक्कर से बचने के लिए तत्काल बस को सड़क के किनारे मोड़ दिया। अचानक लिए गए इस निर्णय के चलते बस सड़क से नीचे उतरकर खंती में चली गई। बस के खंती में उतरते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों की मदद से बस में सवार सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। विद्यार्थियों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन ने भी राहत की सांस ली।
बस चालक जितेंद्र सिंह और परिचालक रोहित के अनुसार, हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया। उनका कहना है कि डंपर के अचानक सामने आने के कारण बस को बचाने के लिए सड़क से नीचे उतारना पड़ा। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जमा रही।
हादसे की सूचना मिलते ही विद्यार्थियों के परिजनों में भी चिंता फैल गई। हालांकि सभी विद्यार्थियों के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। घटना में किसी विद्यार्थी के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने मार्ग पर तेज रफ्तार और गलत दिशा से ओवरटेक करने वाले वाहनों पर निगरानी बढ़ाए जाने की जरूरत बताई है।
