सहारनपुर। दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में हरियाणा के सोनीपत निवासी एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा थाना रामपुर मनिहारान क्षेत्र के हलगोया कट के पास उस समय हुआ, जब परिवार हरिद्वार दर्शन के लिए जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, परिवार टाटा टियागो कार से हरिद्वार की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
📹 इस हादसे का वीडियो देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें:
हादसे में सुदेश, चरण सिंह, प्रीति और नौ वर्षीय शिवांश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परवीन, जयदेव और तीन वर्षीय भूमि सहित कार चालक तथा स्कॉर्पियो चालक घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन जिला अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने दुर्घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी भी ली।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की प्रमुख वजह मानी जा रही है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
बाइट: अरविंद कुमार चौहान, जिलाधिकारी, सहारनपुर।
