पाटन, उन्नाव। बीघापुर तहसील मुख्यालय पाटन के ग्राम बिहार निवासी वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. गणेश नारायण शुक्ल की पत्नी सुधा (सुशीला) शुक्ला की तृतीय मासिक पुण्यतिथि पर सोमवार को श्रद्धांजलि एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जनपद की प्रसिद्ध साहित्यिक संस्था बैसवारा साहित्य शोध संस्थान की ओर से दिवंगत सुधा शुक्ला को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया गया।
सुधा शुक्ला की स्मृति में गठित सुधा फाउंडेशन की ओर से ब्राह्मण भोज के बाद प्राथमिक विद्यालय बिहार द्वितीय में सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। फाउंडेशन की ओर से विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों को फल, फ्रूटी और वस्त्र वितरित किए गए। बच्चों के बीच सामग्री वितरण के दौरान उपस्थित लोगों ने सुधा शुक्ला के सरल एवं ममतामयी स्वभाव को याद किया।
फाउंडेशन के सचिव एवं समीक्षा अधिकारी डॉ. आनंदवर्धन शुक्ल ने बताया कि संस्था की ओर से जल्द ही सुधा शुक्ला की स्मृति में एक स्मारिका का प्रकाशन किया जाएगा। यह स्मारिका जनपद की महिला साहित्यकारों पर केंद्रित होगी। इसमें जिले में महिला लेखन की परंपरा, उसके विकास और इतिहास से जुड़े शोधपरक आलेख प्रकाशित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सुधा शुक्ला की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर लखनऊ में भी संस्था की ओर से इसी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने सुधा शुक्ला के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं व्यवहार को याद किया। विनोद तिवारी ने कहा कि सुधा शुक्ला का स्वभाव बेहद सरल और आत्मीय था। वरिष्ठ पत्रकार सुरेश मिश्र ने उन्हें याद करते हुए कहा कि उनके निधन से उन्होंने अपनी ममतामयी भाभी को खो दिया।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी चंद्रिका प्रसाद मिश्र, सत्येंद्र बहादुर सिंह, विनोद तिवारी, मोहित, गोविंद, अंशुमान शुक्ल, अध्यात्म शुक्ल, भारती तिवारी, गौरी त्रिवेदी, प्रधानाध्यापिका प्रतिभा दीक्षित, शिक्षिका राधिका बाजपेयी, मीनाक्षी देवी, पूजा सिंह, साधना सिंह, उर्मिला, विजय लक्ष्मी, मनीष मिश्र, फूलमती और किरण समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
