झाड़ियों में छिपाकर रखा था 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और खोखा बरामद
पाटन, उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत गौरा के मजरा दरियापुर में चुनावी रंजिश को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नामजद आरोपित राकेश कुमार यादव को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त 2026 को दरियापुर में चुनावी विवाद को लेकर फायरिंग की घटना सामने आई थी। मामले में नामजद आरोपित राकेश कुमार यादव को एक सितंबर को जिला कारागार रायबरेली से पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपित द्वारा बताए गए स्थान पर पुलिस टीम पहुंची।
पुलिस ने दरियापुर से अतरहर जाने वाले मार्ग के किनारे झाड़ियों में तलाशी ली। यहां छिपाकर रखा गया 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद हुआ। पुलिस ने बरामद हथियार व कारतूस को कब्जे में लेकर मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार मामले में मुकदमा अपराध संख्या 246/2026 के तहत धारा 109(1), 352, 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
आरोपित की पहचान राकेश कुमार यादव पुत्र शिव बहादुर, निवासी ग्राम कचनीहार, थाना डलमऊ, जिला रायबरेली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह वर्तमान में ग्राम दरियापुर बलभद्र, मजरा गौरा, थाना बिहार, जिला उन्नाव में रह रहा था।
न्यायालय के आदेश पर भेजा गया जेल
हथियार बरामदगी की कार्रवाई पूरी होने के बाद पुलिस ने आरोपित को पुरवा न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को जिला कारागार रायबरेली में दाखिल करा दिया।
रिवाल्वर के इस्तेमाल को लेकर ग्रामीणों में चर्चा
फायरिंग की घटना के दौरान कई राउंड गोली चलने को लेकर ग्रामीणों के बीच रिवाल्वर के इस्तेमाल की चर्चा भी है। कुछ स्थानीय लोगों का दावा है कि घटना में रिवाल्वर से फायरिंग की गई थी। हालांकि पुलिस द्वारा की गई बरामदगी में फिलहाल 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा ही दर्ज किया गया है।
रिवाल्वर बरामद नहीं होने को लेकर भी क्षेत्र में अलग-अलग चर्चाएं हैं। हालांकि फायरिंग में रिवाल्वर के इस्तेमाल की बात की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
