उन्नाव। उत्तर प्रदेश सरकार की प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और व्यापारी संगठनों के साथ समीक्षा बैठक कर व्यापार, उद्योग और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक का उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाना और जिले में उद्योग एवं व्यापार के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना था।
बैठक के बाद प्रभारी मंत्री रजनी तिवारी ने बताया कि सरकार व्यापारियों और उद्यमियों के साथ लगातार संवाद स्थापित कर रही है, ताकि उनकी समस्याओं और सुझावों के आधार पर नीतिगत निर्णय लिए जा सकें। उन्होंने कहा कि व्यापारियों ने कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, बिजली, सड़क और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित अपने सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे, जिन पर गंभीरता से विचार किया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े और उन्हें कारोबार बढ़ाने के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाए। उद्योग विभाग की कार्यप्रणाली और बिजली संबंधी शिकायतों पर पूछे गए सवाल के जवाब में प्रभारी मंत्री ने कहा कि सभी मुद्दों पर बैठक में खुलकर चर्चा हुई। व्यापारियों ने सकारात्मक ढंग से अपनी बात रखी और अधिकारियों ने भी उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि बैठक में ऐसी कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई जिसे गंभीर संकट की स्थिति माना जाए, लेकिन व्यापारियों द्वारा उठाए गए प्रत्येक सुझाव पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार और केंद्र सरकार उद्योगों को बढ़ावा देने तथा निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। सरकार का उद्देश्य व्यापार और उद्योग को गति देकर रोजगार के अवसर बढ़ाना और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।
बैठक के समापन पर प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि व्यापारियों और उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी विभाग जवाबदेही के साथ कार्य करें।
