रिपोर्ट – राजेश राजपूत
पाटन/उन्नाव। बिहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिहार-बक्सर मार्ग पर बुधवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हो गया। कीरतपुर के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने लापरवाही से ओवरटेक करते हुए बोलेरो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
मौके पर मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो में करीब 10 लोग सवार थे जो बक्सर से अपने घर लौट रहे थे। डंपर की टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने किया रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा। आनन-फानन में सभी घायलों को सुमेरपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु प्रक्रिया शुरू कर दी हैं, और मृतकों की शिनाख्त कर उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है।
डंपर चालक की लापरवाही
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डंपर चालक द्वारा गलत तरीके से ओवरटेक करने की कोशिश की वजह से यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
