उन्नाव। जिला सेवायोजन कार्यालय, उन्नाव के तत्वावधान में शुक्रवार को सरस्वती विद्या मन्दिर इंटर कॉलेज, सिविल लाइन उन्नाव में कैरियर एवं एकता दिवस के अवसर पर काउंसलिंग कैम्प का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 236 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सेवायोजन अधिकारी प्रीति चंद्रा ने की। उनके साथ सहायक सेवायोजन अधिकारी आस्था सिन्हा, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना उन्नाव के प्रवक्ता अनुपम सिंह एवं अन्य अधिकारियों ने विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देशी रियासतों के एकीकरण की महान चुनौती को सफलतापूर्वक पूरा किया। वहीं डॉ. तूलिका रानी, पूर्व स्क्वाड्रन लीडर (भारतीय वायु सेना) एवं असिस्टेंट प्रोफेसर, डी.एस.एन.पी.जी कॉलेज उन्नाव ने राष्ट्रीय एकता और अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अनुशासन के बिना कोई भी सेना या संस्था सफलता प्राप्त नहीं कर सकती।
अभ्युदय योजना के प्रवक्ता अनुपम सिंह ने विद्यार्थियों को योजना का लाभ उठाने के तरीकों की जानकारी दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार शुक्ला ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को प्रेरित करते हैं और उनके भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में सेवायोजन कार्यालय के श्री रमेश कुमार कुरील एवं श्री श्रीकान्त का भी विशेष योगदान रहा।
