विज्ञान प्रदर्शनी में छात्रों के नवाचार और प्रतिभा की सराहना

सह-संपादक/जितेंद्र सोनकर
उन्नाव । डीएसएन पीजी कॉलेज, उन्नाव में युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में आयोजित “जनपद स्तरीय युवा उत्सव” का शुभारंभ जिलाधिकारी श्री गौरांग राठी ने दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सांस्कृतिक कार्यक्रम और विज्ञान मेला प्रदर्शनी का आयोजन हुआ।

जिलाधिकारी ने विज्ञान प्रदर्शनी में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा बनाए गए आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों के मॉडल व प्रोजेक्ट का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों की वैज्ञानिक सोच और रचनात्मक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि –
“बच्चों द्वारा बनाए गए ये मॉडल न केवल उनकी बुद्धिमत्ता का परिचायक हैं, बल्कि विज्ञान के प्रति उनकी रुचि को भी दर्शाते हैं। ऐसे प्रयास निश्चित रूप से अन्य बच्चों को भी प्रेरित करेंगे और उनकी वैज्ञानिक सोच में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।”

श्री राठी ने कहा कि विज्ञान प्रदर्शनी से विद्यार्थियों में नये आविष्कारों के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे भविष्य में नई तकनीकी उपलब्धियों से देश का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कहानी लेखन, कविता लेखन, चित्रकला, लोक नृत्य, लोकगीत और भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित हुईं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा तथा चयनित प्रतिभागियों को मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
डीएसएन पीजी कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियों से अतिथियों का दिल जीत लिया।
इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी, डीएसएन कॉलेज के प्रधानाचार्य, विभिन्न विद्यालयों के अध्यापकगण, छात्र-छात्राएं तथा संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
