Oplus_16908288
उन्नाव।पुरवा ब्लॉक के अंतर्गत ऊंचागांव सानी प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को मिड-डे मील के दौरान मामूली कहासुनी ने बड़ा रूप ले लिया। विद्यालय परिसर में सहायक अध्यापिका और रसोइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुँच गई। इस दौरान मचे हंगामे से बच्चे भयभीत होकर इधर-उधर भागते नजर आए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसके बाद विभागीय हलकों में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, विद्यालय में भोजन वितरण को लेकर शिक्षिका प्रियंका श्रीवास्तव और तीन रसोइयों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। इसी बीच कुछ बच्चों ने मोबाइल से वीडियो बना लिया, जो बाद में वायरल हो गया। ग्राम प्रधान अतुल कुमार चौधरी ने बताया कि झगड़े के दौरान एक छात्रा के साथ भी दुर्व्यवहार किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) अमिता सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्होंने कहा कि घटना की जांच के लिए टीम गठित की गई है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों से यह भी पता चला है कि उक्त शिक्षिका का विद्यालय स्टाफ के साथ पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। विद्यालय के शिक्षण वातावरण को लेकर अभिभावकों ने भी चिंता जताई है।
यह घटना एक बार फिर सरकारी स्कूलों में अनुशासन और शिक्षण वातावरण की स्थिति पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। शिक्षण संस्थान जहाँ बच्चों को संस्कार और शिक्षा देने का माध्यम हैं, वहीं ऐसी घटनाएँ शिक्षा व्यवस्था की साख को ठेस पहुँचाती हैं।

very very nice very very good
बहुत सुंदर कार्य