सह-संपादक/जितेंद्र सोनकर
मौरावां (उन्नाव)। पुरवा विधानसभा क्षेत्र के दृगपालगंज गांव में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा पीडीए पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता सी.एल. यादव रहे, जिन्होंने जनता से संवाद करते हुए प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर चिंता व्यक्त की।
श्री यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेरोज़गारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत समस्याएं विकराल रूप ले चुकी हैं। किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है, जिससे वे आत्महत्या या आत्मदाह जैसे कदम उठाने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में बढ़ोत्तरी हुई है और सरकार संवेदनहीन बनी हुई है।
अपने संबोधन में उन्होंने कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से अपील की कि वे वोटर लिस्ट की जांच अवश्य करें ताकि किसी का नाम गलत तरीके से न काटा जाए। उन्होंने कहा कि “भाजपा सरकार जनता के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, लेकिन समाजवादी पार्टी हर बूथ पर सतर्क रहेगी और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर चुनाव आयोग को तुरंत अवगत कराएगी।”
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष रामकिशुन लोधी, पूर्व प्रधान रमाकांत यादव, संतलाल पाल, राजेंद्र यादव (प्रधान), प्रदेश सचिव छात्रसभा इं. अभिषेक सिंह यादव, डॉ. सुशील कुमार (अध्यक्ष लोहिया वाहिनी), संजय गौरव (उपाध्यक्ष), रज्जन यादव, राम सिंह, मनीष गौतम, अर्पित यादव (ब्लॉक अध्यक्ष यूथ), सोनू कुशवाहा, अमित कुमार, दुर्गेश कुमार, राम आसरे, दिलीप रावत, आलोक कुमार, गया प्रसाद और अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन युवा समाजवादी नेता अमर पाल यादव ने किया।
पीडीए पंचायत के माध्यम से पार्टी ने जनसमस्याओं को उठाने और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का संकल्प लिया।
