पाटन (उन्नाव)। तहसील बीघापुर मुख्यालय पाटन के अंतर्गत ग्राम केदारखेड़ा बिहार स्थित मां कदीमी देवी मंदिर में शनिवार को भव्य धार्मिक अनुष्ठानों के बीच मां कदीमी देवी का 25वां वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान हवन, पूजन, मानस पाठ, सुंदरकांड, कन्या भोज, वीर रस आल्हा गायन और जवाबी कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाजसेवी सूरज सिंह चौहान व शिववीर सिंह वीरू ने भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि देवस्थानी एकादशी के अवसर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मां कदीमी देवी जन सेवा समिति द्वारा आयोजित यह उत्सव सराहनीय कार्य है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन गांव में आपसी एकता और सामाजिक मेलजोल को मजबूत करते हैं।दोनों अतिथियों ने गांव के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनहित के हर प्रयास में वे तन, मन और धन से सहयोग करने को तैयार हैं।
मंदिर प्रांगण में आयोजित वीर रस आल्हा गायन में रतिराम ज्ञानी और क्रांति माला के बीच जवाबी कीर्तन ने समा बांध दिया। उनके बीच हुए प्रश्नोत्तर संवाद पर उपस्थित श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो उठे।कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से मुख्य अतिथियों का अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।इस अवसर पर सर्वेश कुमार, गोवर्धन, राहुल, सुरेश, चंद्रशेखर, राम बहादुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और भक्तजन मौजूद रहे।
