पाटन (उन्नाव)। थाना बिहार क्षेत्र के ग्राम भैरमपुर के पास शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब 12:55 बजे पुलिस को डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि भैरमपुर के पास सड़क किनारे एक मोटरसाइकिल गड्ढे में गिरी हुई है, जिसमें सवार दो युवक घायल अवस्था में पड़े हैं।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सुमेरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। वहां डॉक्टरों ने अंकित (22 वर्ष) पुत्र रमाकांत निवासी कोटवर सरैया, थाना बिहार को मृत घोषित कर दिया।
वहीं दूसरा युवक सौरभ यादव (30 वर्ष) पुत्र फूलचंद निवासी कोटवर सरैया को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल उन्नाव रेफर कर दिया गया, जहाँ उसकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार घायल का इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने मृतक के परिजनों से तहरीर लेकर शव का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।