उन्नाव। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा रहे हैं। इस अभियान की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी गौरांग राठी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतदाता सूची पूर्ण रूप से निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटि रहित होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने गूगल मीट के माध्यम से जुड़े अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो तथा सभी पात्र नागरिकों के नाम सूची में अवश्य जोड़े जाएं। उन्होंने जनपद के सभी उप जिलाधिकारियों, बीएलओ और संबंधित अधिकारियों को सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
गौरांग राठी ने कहा कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में शामिल नामों की वर्तमान सूची से मैपिंग का कार्य तीव्रता से किया जाए ताकि किसी मतदाता का नाम छूट न सके। उन्होंने यह भी कहा कि यदि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही या निर्देशों की अवहेलना पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटि रहित बन सके।
