शरद ऋतु को देखते हुए चौकीदारों को बांटे गए अंगवस्त्र, साफा, टॉर्च और सिटी-डोरी, क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
पुरवा (उन्नाव)। कोतवाली पुरवा में रविवार को प्रभारी निरीक्षक अमर नाथ यादव की अध्यक्षता में चौकीदारों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी शरद ऋतु के मद्देनज़र क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रभारी निरीक्षक ने चौकीदारों से कहा कि वे गांवों में संदिग्ध व्यक्तियों, गतिविधियों और विवादों पर विशेष निगरानी रखें तथा किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस को अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि चौकीदार पुलिस और जनता के बीच की सबसे अहम कड़ी हैं, जिनकी सतर्कता से अपराधों की रोकथाम संभव है।
उन्होंने चौकीदारों को अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा से कार्य करने की अपील की। प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि छोटी से छोटी सूचना भी थाने तक पहुंचाना बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है।
सम्मेलन के दौरान चौकीदारों को अंगवस्त्र, साफा, टॉर्च और सिटी-डोरी वितरित की गईं। प्रभारी निरीक्षक ने सभी से कहा कि वे अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर ग्रामीणों के बीच भरोसा कायम रखें और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम में थाना स्टाफ समेत सभी चौकीदार मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य चौकीदारों में जागरूकता बढ़ाना और पुलिस-जन सहयोग को और सशक्त बनाना रहा।
