उन्नाव।दिल्ली के लालकिला क्षेत्र में हुए धमाके के बाद उन्नाव प्रशासन पूरी तरह से सतर्क मोड पर आ गया है। सोमवार देर शाम जिलाधिकारी गौरांग राठी के निर्देश पर जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। डीएम स्वयं फील्ड में उतरकर कलेक्ट्रेट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्कता बरतने तथा हर संदिग्ध व्यक्ति व वाहन की गहन तलाशी लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में सुरक्षा में चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। संयुक्त टीमों ने मुख्य मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और बाजारों में चेकिंग की। यात्रियों और राहगीरों से पहचान पत्र जांचे गए तथा बैग और वाहनों की तलाशी ली गई।
डीएम ने कहा कि दिल्ली धमाके के बाद पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी है, ऐसे में जिले के सभी थाना प्रभारी और पुलिस कर्मी पूरी तरह मुस्तैद रहें। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें।
