नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहाँ पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पीएम मोदी ने पारंपरिक बिहारी अंदाज़ में गमछा लहराकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और बिहार की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार के मतदाताओं ने इस चुनाव में विकास को प्राथमिकता दी है और यह जीत जनता के भरोसे तथा कड़ी मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की जीत है। उन्होंने कहा कि बिहार ने एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है कि अब राज्य में भय और अराजकता की राजनीति की कोई जगह नहीं है।
पीएम मोदी ने मंच से ‘भारत माता की जय’ और ‘छठी मईया’ के जयकारे के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने लोकतांत्रिक उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रिकॉर्ड मतदान ने यह साबित कर दिया कि जनता परिवर्तन और प्रगति चाहती है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार को मिले इस बड़े जनादेश से स्पष्ट है कि बिहार की जनता ने विकास, सुशासन और स्थिरता को चुना है। उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान किए गए अपने आग्रह का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार ने रिकॉर्ड मतदान और प्रचंड समर्थन से सभी अपेक्षाएँ पूरी कर दीं।
भाजपा मुख्यालय में इस अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा भी मौजूद रहे। बिहार में मिली निर्णायक जीत को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह और जश्न का माहौल दिखाई दिया।
