उन्नाव।आवास विकास क्रॉसिंग पर गुरुवार दोपहर हुई चेन लूट की वारदात का उन्नाव पुलिस ने मात्र 24 घंटे में खुलासा कर दिया। बढ़ते सड़क अपराधों से चिंतित लोगों के बीच इस मुठभेड़ में हुई गिरफ्तारी ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई को मजबूत संदेश दिया है।
घटना को ऐसे दिया था अंजाम♦
लखनऊ के ट्रांसपोर्टनगर निवासी आरती अपनी ननद की शादी का निमंत्रण देने उन्नाव आई थीं। आवास विकास क्रॉसिंग के पास ई-रिक्शा से उतरते ही जब वे पीतांबर नगर की ओर पैदल बढ़ रही थीं, तभी एक अपाचे बाइक सवार युवक उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही किला चौकी प्रभारी इंद्रदेव उपाध्याय टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए।
एसपी की स्पेशल टीम ने पकड़ लिया सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश ने कोतवाली सदर, एसओजी और सर्विलांस सेल को मिलाकर विशेष टीम का गठन किया।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और फुटेज की मदद से पुलिस ने लुटेरे की गतिविधियों को लगातार ट्रैक किया।
करोवन–परियर मार्ग पर मुठभेड़, कुख्यात लुटेरा गिरफ्तार
शुक्रवार दोपहर करीब 3:20 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी करोवन–परियर मार्ग पर सिकंदरपुर के पास देखा गया है।पुलिस ने घेराबंदी की, तभी अपाचे बाइक से आ रहा युवक पुलिस को देख भागने लगा और फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगने से आरोपी घायल होकर गिर गया।घायल लुटेरे की पहचान संतोष कुमार लोध (27) निवासी बसनोहा, थाना पुरवा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद किए महत्वपूर्ण साक्ष्य
घटनास्थल से पुलिस को मिला—लूटी गई सोने की चेन,अपाचे मोटरसाइकिल,315 बोर का अवैध तमंचा,एक खोखा और एक जिंदा कारतूस।आरोपी को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुराने आपराधिक मामलों का खुलासा
जांच में सामने आया है कि संतोष कुमार लोध चोरी और लूट की कई वारदातों में पहले भी शामिल रहा है।
पुलिस उसके पुराने मुकदमों की जानकारी एकत्र कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
