उन्नाव। BTC प्रथम सेमेस्टर 2024–25 की परिषदीय परीक्षा 25 नवंबर से शुरू होने वाली है, लेकिन प्रवेश पत्र जारी न होने से जिलेभर के हजारों विद्यार्थी भारी तनाव में हैं। परिषद की वेबसाइट पर 19 नवंबर तक एडमिट कार्ड अपलोड न होने से परीक्षार्थियों में नाराजगी बढ़ गई है। इसी को लेकर बुधवार को कई महाविद्यालयों के छात्रों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर विरोध दर्ज किया और ज्ञापन सौंपा।
छात्रों का कहना है कि उन्होंने निर्धारित समय सीमा में फीस जमा कर दी थी और सभी जरूरी अभिलेख भी कॉलेजों के माध्यम से परिषद को भेज दिए गए थे। 29 अक्टूबर को डीएम की अध्यक्षता में हुई गूगल मीट बैठक में यह स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि फीस जमा करने वाले सभी विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र 10 दिनों के भीतर जारी कर दिए जाएंगे, लेकिन समय सीमा बीतने के बावजूद वेबसाइट पर कोई अपडेट नहीं आया।
परीक्षार्थियों ने आरोप लगाया कि परिषद की वेबसाइट पर लगातार तकनीकी समस्याएं आ रही हैं, जिससे एडमिट कार्ड डाउनलोड करना संभव नहीं हो पा रहा है। छात्रों का कहना है कि परीक्षा की तिथि तय हो चुकी है, लेकिन प्रवेश पत्र न मिलने से वे परीक्षा में शामिल होने से भी वंचित हो सकते हैं। इसका प्रभाव न केवल उनके सत्र पर पड़ेगा, बल्कि भविष्य की तैयारी, प्रशिक्षण और रोजगार अवसरों पर भी सीधा असर होगा।
विद्यार्थियों ने मांग की है कि समय पर फीस जमा करने वाले सभी छात्रों के प्रवेश पत्र तत्काल जारी किए जाएं, ताकि वे बिना किसी बाधा के परीक्षा में शामिल हो सकें। जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में छात्र प्रतिनिधि आकांक्षा, अपेक्षा, तुबा, शालू वर्मा समेत कई विद्यार्थियों के हस्ताक्षर शामिल हैं। उन्होंने डीएम से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए परिषद को आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।
छात्रों ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन और धरना-प्रदर्शन जैसे कदम उठाने को विवश होंगे।
अब सवाल यह है कि परीक्षा से पूर्व परिषद एडमिट कार्ड जारी कर छात्रों की इस गंभीर समस्या का समाधान करती है या नहीं।
