पाटन/उन्नाव। थाना बिहार क्षेत्र के बिहार तिराहा पर बुधवार को थानाध्यक्ष राहुल सिंह गौर के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम ने भी सक्रिय सहभागिता की।
अभियान के दौरान राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय निवासियों को यातायात नियमों का पालन, हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, ओवरस्पीडिंग से बचने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि अधिकांश सड़क हादसों का मुख्य कारण लापरवाही है, इसलिए सुरक्षित ड्राइविंग अत्यंत आवश्यक है।
थानाध्यक्ष राहुल सिंह गौर ने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें तथा स्टंटबाजी से दूर रहें। वहीं एनएचएआई अधिकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनता से सहयोग की अपेक्षा जताई।
यह अभियान स्थानीय लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण प्रयास साबित हुआ।
